तेलंगाना में सड़क सुरक्षा बेहतर करने के लिए बनेगा TG-TMARS ब्यूरो
तेलंगाना सरकार ने राज्य भर में यातायात प्रबंधन, सड़क दुर्घटनाओं की जांच और रेल सुरक्षा को बेहतर बनाने के उद्देश्य से ‘तेलंगाना ट्रैफिक मैनेजमेंट, Road and Rail Safety Bureau (TG-TMARS)’ की स्थापना का निर्णय लिया है। यह नया ब्यूरो सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में काम करेगा।

दुर्घटनाओं की निगरानी और वैज्ञानिक विश्लेषण
यह प्रस्तावित ब्यूरो यातायात नियमन, हाईवे पेट्रोलिंग, दुर्घटना जांच और डेटा विश्लेषण जैसी जिम्मेदारियों को संभालेगा। इस प्रणाली के तहत इलेक्ट्रॉनिक डिटेल्ड एक्सीडेंट रिपोर्ट (e-DAR) व्यवस्था शुरू की जाएगी, जिसके माध्यम से दुर्घटनाओं का पूरा रिकॉर्ड दर्ज किया जाएगा। इसमें वाहनों का विवरण, चालकों की जानकारी, दुर्घटना के कारण, चोटें और मौत से जुड़े आंकड़े शामिल होंगे। इन सभी विवरणों को क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क सिस्टम (CCTNS) से भी जोड़ा जाएगा।
अदालती दावों और मुआवजे में आसानी
अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटना के आंकड़ों को अदालतों के साथ जोड़ने से पीड़ितों को बीमा और मुआवजा मिलने की प्रक्रिया में तेजी आएगी। इसके अलावा, यदि किसी दूसरे राज्य का वाहन भी दुर्घटना में शामिल होता है, तो उसकी जानकारी भी आसानी से राज्यों के बीच साझा की जा सकेगी।
सड़क हादसों के प्रमुख कारण और रोकथाम
राज्य में सड़क सुरक्षा एक बड़ी चिंता का विषय बनी हुई है, जहाँ औसतन प्रतिदिन 75 सड़क दुर्घटनाएं और 20 मौतें दर्ज की जाती हैं। तेज गति से वाहन चलाना, शराब पीकर गाड़ी चलाना, गलत दिशा में वाहन चलाना और हेलमेट या सीटबेल्ट का उपयोग न करना हादसों के प्रमुख कारण माने गए हैं।
इस समस्या से निपटने के लिए TG-TMARS के तहत दुर्घटनाओं का वैज्ञानिक विश्लेषण किया जाएगा और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे। पुलिस, परिवहन और चिकित्सा विभागों के साथ फोरेंसिक विशेषज्ञ भी दुर्घटनास्थलों की जांच करेंगे ताकि वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
बृस्तित रूपरेखा और प्रशासनिक तैयारी
तेलंगाना सरकार ने इस ब्यूरो के गठन के आदेश जारी कर दिए हैं और इसे दशहरा के अवसर पर लॉन्च करने की योजना बनाई है। शुरुआती चरण में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADG) रैंक के अधिकारी और आवश्यक कार्यालय स्टाफ की नियुक्ति की जाएगी, जिसके बाद अन्य पदों पर भी भर्तियाँ की जाएंगी।
