Search for:
  • Home/
  • क्राइम/
  • दिल्ली पुलिस ने आठ साल से लापता नाबालिग को बिहार से किया बरामद, परिवार से मिलाया
दिल्ली पुलिस ने आठ साल से लापता नाबालिग को बिहार से किया बरामद, परिवार से मिलाया

दिल्ली पुलिस ने आठ साल से लापता नाबालिग को बिहार से किया बरामद, परिवार से मिलाया

दिल्ली पुलिस की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) ने एक पुराने लापता मामले को सुलझाते हुए आठ साल से गायब चल रही नाबालिग लड़की को बिहार से सकुशल बरामद कर लिया है। वर्ष 2018 में दिल्ली के आनंद पर्वत इलाके से संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हुई इस 14 वर्षीय लड़की को पुलिस टीम ने लंबी मशक्कत के बाद समस्तीपुर जिले से सुरक्षित ढूंढ निकाला।

दिल्ली पुलिस ने आठ साल से लापता नाबालिग को बिहार से किया बरामद, परिवार से मिलाया

लंबे समय तक जारी रही तलाश

मध्य जिले के पुलिस उपायुक्त रोहित राजवीर सिंह ने बताया कि इस मामले में 14 अक्टूबर 2018 को आनंद पर्वत थाने में अपहरण का मामला दर्ज किया गया था। इस संवेदनशील मामले की गंभीरता को देखते हुए सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की AHTU शाखा को भी जांच में शामिल किया गया था। जांच के दौरान पुलिस टीमों ने दिल्ली-एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों में कई शेल्टर होम, अनाथालयों, धार्मिक स्थलों और अन्य स्थानों की गहन तलाशी ली। इसके अलावा, दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और सैकड़ों लोगों से पूछताछ की गई।

बिहार और उत्तर प्रदेश तक फैले सुराग

शुरुआती वर्षों में कोई पुख्ता सुराग न मिलने के बावजूद पुलिस ने फाइल बंद नहीं की। कुछ महीने पहले पुलिस को सूचना मिली कि लड़की उत्तर प्रदेश के कानपुर में हो सकती है, जिसके बाद वहां एक विशेष टीम भेजी गई। हालांकि, टीम के पहुंचने से पहले ही उसे दूसरी जगह ले जाया गया था। इसके बाद तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय सूत्रों के जरिए पता चला कि लड़की को बिहार के समस्तीपुर में रखा गया है।

दिल्ली पुलिस ने आठ साल से लापता नाबालिग को बिहार से किया बरामद, परिवार से मिलाया

कानूनी प्रक्रिया के बाद परिवार को सौंपा

पक्की जानकारी मिलने पर दिल्ली पुलिस की टीम ने 15 सितंबर को समस्तीपुर के शाहपुर पटोरी थाना क्षेत्र में स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त छापेमारी की और लड़की को सुरक्षित बरामद कर लिया। 17 सितंबर को उसे दिल्ली वापस लाया गया, जहां उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया और विशेषज्ञों द्वारा काउंसलिंग की गई। अदालत में बयान दर्ज कराने और सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे उसके माता-पिता को सौंप दिया गया। आठ साल बाद अपनी बेटी को पाकर परिजनों की आंखें नम हो गईं और उन्होंने पुलिस का आभार जताया।