Search for:
  • Home/
  • Uncategorized/
  • उत्तराखंड कैबिनेट का बड़ा फैसला: 1.19 लाख युवाओं के रोजगार की राह आसान

उत्तराखंड कैबिनेट का बड़ा फैसला: 1.19 लाख युवाओं के रोजगार की राह आसान

सुदूरवर्ती क्षेत्रों तक शासन की पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई पहल की है। इस कड़ी में रविवार को नेपाल सीमा से सटे चंपावत जिले के बनवसा स्थित एनएचपीसी परिसर में हुई धामी कैबिनेट की बैठक में युवाओं के कौशल विकास पर ध्यान केंद्रित करने के साथ ही कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई।

बैठक में उच्च शिक्षा के छात्रों की रोजगार क्षमता और उद्यमिता बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा कौशल संवर्धन योजना-2026 संचालित करने का निर्णय लिया गया।

इसके माध्यम से शासकीय व निजी विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में अध्ययनरत करीब 1.19 लाख छात्रों को कौशल संवर्द्धन के जरिये रोजगार के लिए तैयार किया जाएगा।

कैबिनेट ने राज्य कर्मचारियों की आचरण (संशोधन) नियमावली को भी मंजूरी दी। इसमें प्रविधान किया गया है कि समूह क, ख, ग व घ के कर्मचारियों को अब आयकर विवरणी दाखिल करते समय उसमें संपत्ति का ब्योरा भी अनिवार्य रूप से देना होगा।

कर्मचारियों को यह भी राहत दी गई है कि उनके लिए खरीद सीमा केंद्र के समान दो माह के वेतन के बराबर कर दी गई है। मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र चंपावत में पहली बार हुई कैबिनेट की बैठक में 24 विषय रखे गए थे, जिन पर चर्चा के बाद निर्णय लिए गए।