Search for:
  • Home/
  • उत्तराखंड/
  • हिमाचल चोरी मामला: उत्तराखंड आबकारी विभाग के दरोगा और सिपाही समेत चार गिरफ्तार
हिमाचल चोरी मामला: उत्तराखंड आबकारी विभाग के दरोगा और सिपाही समेत चार गिरफ्तार

हिमाचल चोरी मामला: उत्तराखंड आबकारी विभाग के दरोगा और सिपाही समेत चार गिरफ्तार

शिमला में हाल ही में सामने आए लाखों रुपये की चोरी के मामले में बरामद सामान को कथित तौर पर हड़पने के आरोप में हिमाचल पुलिस ने उत्तराखंड के रुद्रपुर से बड़ी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई के तहत आबकारी विभाग के एक दरोगा, एक कांस्टेबल, एक उपनल कर्मी और एक पीआरडी जवान को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच के बाद विभाग ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई भी शुरू कर दी है।

हिमाचल चोरी मामला: उत्तराखंड आबकारी विभाग के दरोगा और सिपाही समेत चार गिरफ्तार

शिमला में हुई थी बड़ी चोरी

मिली जानकारी के अनुसार, शिमला क्षेत्र में चोरी की एक बड़ी घटना दर्ज कराई गई थी जिसमें नेपाल मूल की एक महिला और उसके साथियों पर सोने-हीरे के आभूषण, चांदी के सिक्के, नकदी और कलाई घड़ियां समेत लाखों रुपये का सामान चुराने का आरोप था। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी नेपाल भागने की फिराक में थे और उन्होंने इसके लिए एक टैक्सी बुक की थी।

रुद्रपुर में चेकिंग के दौरान पकड़ा गया मामला

बीते आठ सितंबर की सुबह रुद्रपुर बॉर्डर पर आबकारी विभाग के कर्मचारी वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान नेपाल जा रहे संदिग्धों के वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें युवक और युवती के पास से भारी मात्रा में नकदी और आभूषण मिले। आरोप है कि चेकिंग के दौरान आबकारी कर्मचारियों ने बरामद कीमती सामान अपने कब्जे में रख लिया और संदिग्धों को वहां से जाने दिया।

हिमाचल चोरी मामला: उत्तराखंड आबकारी विभाग के दरोगा और सिपाही समेत चार गिरफ्तार

सीसीटीवी फुटेज से हुआ खुलासा

मामले की तह तक जाने के लिए हिमाचल पुलिस की टीम रुद्रपुर पहुंची और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज की जांच से साफ हुआ कि चेकिंग करने वाले लोग पुलिस नहीं बल्कि आबकारी विभाग के कर्मचारी थे। पहचान होने के बाद हिमाचल पुलिस ने दरोगा देवेंद्र कुमार, कांस्टेबल बलजीत सिंह, उपनल कर्मी पप्पू लाल और पीआरडी जवान नईम को धर दबोचा।

विभाग की सख्त कार्रवाई

इस गंभीर मामले के सामने आने के बाद आबकारी आयुक्त ने तत्काल प्रभाव से दरोगा देवेंद्र कुमार और कांस्टेबल बलजीत सिंह को निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही, उपनल कर्मी और पीआरडी जवान की सेवाएं समाप्त करने के लिए भी संस्तुति भेज दी गई है। पुलिस मामले की आगामी कानूनी प्रक्रिया में जुटी हुई है।