बच्चों को अपनी कल्पना की दुनिया गढ़ने की दें पूरी आज़ादी
अगर किसी से उसकी कल्पना की दुनिया का सपना देखने को कहा जाए, तो इसे अक्सर समय की बर्बादी मान लिया जाता है। हालांकि, यदि बच्चों को ऐसा करने के लिए प्रेरित किया जाए, तो यह किसी बिल्कुल नई और अनोखी शुरुआत का आधार बन सकता है। बच्चों के मन में यह चिंता नहीं होती कि उनका कोई विचार व्यावहारिक, किफायती या बड़ों द्वारा स्वीकृत है या नहीं।

अनोखी कल्पनाएं और बच्चों की सोच
बच्चे अक्सर उड़ने वाली स्कूल बस, नदियों को खुद साफ करने के तरीके या बुजुर्गों की मदद करने वाले रोबोट जैसी अद्भुत कल्पनाएं कर सकते हैं। इन विचारों पर हंसने के बजाय यदि बड़ों द्वारा उन्हें प्रोत्साहित किया जाए, तो कई रचनात्मक परिणाम सामने आ सकते हैं। हाल ही में गोवा के एक स्कूल के सातवीं कक्षा के विद्यार्थियों ने एक लिटररी प्रोजेक्ट के तहत ऐसी ही एक कहानी लिखी। इसमें उन्होंने अपने माता-पिता को एक वेटलैंड को बचाने के लिए पंचायत के पास जाने के वास्ते राजी किया, जो एक ब्रिज प्रोजेक्ट के कारण खतरे में था।
बचपन के विचार जो बड़े बदलाव बने
दुनिया भर के युवाओं और बच्चों ने यह साबित किया है कि एक साधारण सवाल भी किसी बड़े सफर की शुरुआत बन सकता है। डच किशोर बॉयन स्लैट ने समुद्र में प्लास्टिक प्रदूषण देखकर महासागरों की सफाई के लिए तकनीक पर विचार किया, जो बाद में ‘द ओशन क्लीनअप’ संगठन में तब्दील हो गया। इसी तरह, अमेरिका की गीतांजलि राव ने कम उम्र में पेयजल में लेड का पता लगाने वाले डिवाइस का शुरुआती कॉन्सेप्ट तैयार कर वैज्ञानिक पहचान हासिल की। सपने देखने का मतलब केवल बड़ी क्रांतियां करना नहीं है, बल्कि ऐसी छोटी खुशियों की कल्पना भी हो सकता है जहां कोई अकेला महसूस न करे।

अभिभावकों और शिक्षकों की भूमिका
माता-पिता और शिक्षकों की जिम्मेदारी है कि वे बच्चों को तैयार उत्तर देने के बजाय नए सवाल दें। उन्हें असहमति जताने, प्रयोग करने और गलतियों से सीखकर आगे बढ़ने का मौका मिलना चाहिए। जब कोई विचार असंभव प्रतीत हो, तो उसे तुरंत खारिज करने की बजाय यह समझना चाहिए कि उसे क्या बात कठिन बना रही है। बच्चों को एक कोरा कागज देकर उनकी पसंद की दुनिया का चित्र बनाने का अवसर देने से ऐसी कल्पनाएं सामने आ सकती हैं, जिन्हें बड़े लोग भूल चुके हैं।
