एथिकल हैकर निसर्ग अधिकारी को अमेरिका ने किया सम्मानित, US DoJ हॉल ऑफ फेम में मिली जगह
भारतीय एथिकल हैकर निसर्ग अधिकारी ने अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों के डिजिटल सिस्टम में तकनीकी खामियों का पता लगाकर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उनकी इस उत्कृष्ट कार्यक्षमता को मान्यता देते हुए अमेरिका के न्याय विभाग (US DOJ) ने उन्हें अपने साइबर सुरक्षा ‘हॉल ऑफ फेम’ में जगह दी है।

कस्टम स्क्रिप्ट्स की मदद से सामने लाईं तकनीकी कमियां
एथिकल हैकर के तौर पर काम करने वाले निसर्ग ने खुद द्वारा तैयार किए गए सॉफ्टवेयर कोड्स और कस्टम स्क्रिप्ट्स की सहायता से अमेरिकी सुरक्षा एजेंसी के सिस्टम में मौजूद कमियों को उजागर किया। इसके बाद उन्होंने संबंधित एजेंसी को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद इन तकनीकी खामियों को समय रहते दूर किया गया।
अमेरिकी रक्षा मंत्रालय के सिस्टम में भी खोजी खामियां
अपनी कुशल कार्यशैली का परिचय देते हुए निसर्ग यहीं नहीं रुके। उन्होंने साइबर सुरक्षा प्लेटफॉर्म ‘हैकरवन’ के माध्यम से अमेरिकी रक्षा मंत्रालय के डिजिटल सिस्टम में भी गड़बड़ियों का पता लगाया। उन्होंने अमेरिकी सेना को इस बारे में सूचित किया, जिसके बाद सेना ने इन कमियों को सुधारा और इसके लिए उनका आभार भी व्यक्त किया।
सीबीएसई पोर्टल की खामी उजागर कर आए थे चर्चा में
इससे पहले 19 वर्षीय निसर्ग केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) के ऑन स्क्रीन मार्किंग (OSM) पोर्टल में खामियां ढूंढकर सुर्खियों में आए थे। उन्होंने बताया था कि पोर्टल का एडब्ल्यूएस बकेट ठीक तरह से कॉन्फिगर नहीं था, जिससे डिजिटल उत्तर पुस्तिकाएं और प्रश्न पत्र इंटरनेट पर आसानी से एक्सेस हो सकते थे। इस गंभीर सुरक्षा चूक को उजागर किए जाने के बाद सीबीएसई ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए जरूरी सुधार किए थे। उनकी बेहतरीन तकनीकी प्रतिभा को देखते हुए आईआईटी कानपुर के टेक्नोलॉजी इनोवेशन हब C3iHub ने उन्हें ओपन-सोर्स इंटेलिजेंस और थ्रेट इंटेलिजेंस इंजीनियर के पद पर जिम्मेदारी सौंपी थी।
